विद्यालय परिसर की शांति भंग, दो युवकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

✍️ दुर्गेश गुप्ता

बलरामपुर, 28 जनवरी 2026।


अनुविभागीय अधिकारी कुसमी श्री करूण डहरिया ने बताया कि विकासखंड कुसमी अंतर्गत तहसील चांदो के ग्राम नवाडीहकला स्थित शासकीय प्राथमिक शाला बरवाडीह के सामने दो युवकों द्वारा शराब के नशे में शांति व्यवस्था भंग करने का मामला सामने आया है।


जानकारी के अनुसार ग्राम डूमरखोरका निवासी विकास पैकरा (19 वर्ष) एवं संजय कोरवा (19 वर्ष) शराब के नशे में विद्यालय परिसर के सामने शोर-शराबा कर रहे थे तथा विद्यालय के शिक्षकों को मारपीट की धमकी दे रहे थे। इस संबंध में शिक्षकों द्वारा थाना चांदो में शिकायत दर्ज कराई गई।


शिकायत की जांच के लिए दोनों युवकों को थाना चांदो लाया गया, जहां पूछताछ के दौरान वे आक्रोशित होकर शिकायतकर्ताओं एवं पुलिस कर्मचारियों से वाद-विवाद करने लगे। थाना परिसर में स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस द्वारा दोनों युवकों के विरुद्ध धारा 170 बी.एन.एस.एस. के तहत इस्तगासा तैयार कर अनुविभागीय दंडाधिकारी कुसमी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।


न्यायालय द्वारा दोनों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए उन्हें जिला जेल रामानुजगंज निरुद्ध किया गया है।

Related Articles

Back to top button