मुख्यमंत्री ने पीएमजीएसवाई फेस-4 का किया शुभारंभ, 774 सड़कों का शिलान्यास ,,बलरामपुर जिले में 58 सड़कों से जुड़ेंगी नई बसाहटें

✍️ दुर्गेश गुप्ता
📍बलरामपुर, 17 अप्रैल 2026।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के रणजीता स्टेडियम से आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के फेस-4 के अंतर्गत राज्यभर की 774 सड़कों का शिलान्यास कर शुभारंभ किया। इस दौरान वर्चुअल माध्यम से बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के 58 सड़क निर्माण कार्यों की भी शुरुआत की गई।
जिला मुख्यालय के बाजारपारा स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज, उपाध्यक्ष श्री धीरज सिंह देव, रेड क्रॉस सोसायटी अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास को नई दिशा मिली है। उन्होंने बताया कि पीएमजीएसवाई के फेस-4 के तहत शेष बसाहटों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में इस योजना की शुरुआत हुई थी, जिससे गांव-गांव तक सड़क संपर्क बढ़ा और विकास को गति मिली। उन्होंने यह भी बताया कि भारतमाला परियोजना के अंतर्गत प्रदेश में प्रमुख सड़कों का निर्माण जारी है, जिससे आवागमन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने अटल डिजिटल सेवा केंद्रों की जानकारी देते हुए कहा कि अब पंचायत स्तर पर ही बैंकिंग सेवाएं, प्रमाण पत्र और अन्य शासकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही “मोर तरिया – आय के नवा जरिया” योजना के माध्यम से ग्रामीणों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज ने कहा कि जिले में 58 सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, मतदाता सूची, बैंकिंग और बिजली बिल जैसी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।
रेड क्रॉस सोसायटी अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश जायसवाल ने इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क नेटवर्क विकसित होगा। उन्होंने बताया कि जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए भी प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री धीरज सिंह देव ने कहा कि पहले क्षेत्र में सड़कें बेहद खराब थीं, लेकिन अब तेजी से सुधार और निर्माण कार्य हो रहे हैं, जिससे आमजन को राहत मिल रही है।
नवा तरिया – आय का जरिया योजना के तहत स्वीकृति
कार्यक्रम के दौरान “नवा तरिया – आय का जरिया” योजना के अंतर्गत विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम सरीमा और वाड्रफनगर के ग्राम रजखेता में तरिया निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई।
142.55 किमी सड़क निर्माण, 140.8 करोड़ की लागत
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेस-4 के तहत वर्ष 2025-26 में जिले में 58 सड़कों का निर्माण स्वीकृत हुआ है। इनकी कुल लंबाई 142.55 किलोमीटर और अनुमानित लागत 140.8 करोड़ रुपये है। इन सड़कों के निर्माण से 58 नई बसाहटें पक्की सड़कों से जुड़ेंगी, जिससे वर्षभर आवागमन सुगम हो सकेगा।


















