स्वामी आत्मानंद विद्यालय सेमरा में निबंध प्रतियोगिता संपन्न, एसडीएम व तहसीलदार ने जांची व्यवस्था, 116 प्रतिभागियों ने दिखाया उत्साह

दुर्गेश गुप्ता

कुसमी (24जनवरी): गणतंत्र दिवस समारोह के उपलक्ष्य में आज स्वामी आत्मानंद विद्यालय, सेमरा में विकासखंड स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह पूरा कार्यक्रम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी के मार्गदर्शन एवं निगरानी में गरिमामयी ढंग से संपन्न हुआ।


अधिकारियों ने बढ़ाया मनोबल
परीक्षा के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री करुण डहरिया और तहसीलदार श्री पारस शर्मा ने परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने न केवल व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि बच्चों के बीच जाकर उनका उत्साहवर्धन भी किया। प्रशासनिक अधिकारियों को अपने बीच पाकर छात्र-छात्राएं बेहद प्रसन्न और उत्साहित नजर आए।


दो वर्गों में हुई परीक्षा, 116 प्रतिभागी हुए शामिल
यह प्रतियोगिता दो अलग-अलग वर्गों में आयोजित की गई थी।
प्रथम वर्ग: इसमें कक्षा 10वीं से 12वीं तक के 80 बच्चे सम्मिलित हुए।
द्वितीय वर्ग: इसमें महाविद्यालय एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 36 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।


इस प्रकार कुल 116 प्रतिभागियों ने इस प्रतियोगिता में अपनी लेखन क्षमता का प्रदर्शन किया। पूरी परीक्षा के दौरान सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी नंदकुमार गुप्ता अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।


गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि करेंगे सम्मानित
प्रतियोगिता के परिणाम 26 जनवरी को घोषित किए जाएंगे। दोनों ही वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को विशेष पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, दोनों वर्गों के टॉप-10 बच्चों को भी गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के कर-कमलों से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button