हनुमाद पारा में विकास की नई पहल: पहली बार पहुंची विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने किया सड़क निर्माण का शुभारंभ, ग्रामीणों में उत्साह

कुसमी/बलरामपुर
सामरी विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ ग्राम पंचायत लक्ष्मणपुर के आश्रित ग्राम हनुमाद पारा में पहली बार क्षेत्रीय विधायक उद्देश्वरी पैकरा के पहुंचने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहे ग्रामीणों ने विधायक के आगमन को अपने गांव के विकास की नई शुरुआत बताया।
दौरे के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया। इस दौरान क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग लक्ष्मणपुर–बालापानी–बरदारा होते हुए मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया गया। जेसीबी मशीन के माध्यम से प्रारंभिक कार्य शुरू किया गया और मार्ग का प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बाजार तक पहुंच आसान हो जाएगी। वर्षों से सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
विधायक पैकरा ने कहा कि क्षेत्र के दूरस्थ और उपेक्षित गांवों तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, आवास, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

दौरे के दौरान विधायक ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों का निरीक्षण भी किया और लाभार्थी परिवार के नए घर में पहुंचकर गृह प्रवेश कराया। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता और योजना के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने विधायक के इस दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए उम्मीद जताई कि अब गांव में विकास कार्यों की रफ्तार तेज होगी और लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान होगा।

इस कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण पैकरा, उपसरपंच टाटीझरिया महेंद्र यादव, भाजपा नेता राजेश्वर गुप्ता,पूर्व प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ सदस्य रमेश गुप्ता, दीपक गुप्ता, पिछड़ा वर्ग उपाध्यक्ष संतोष गुप्ता, रामानंद यादव, अमरदयाल यादव, विवेक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


















