पेट्रोल-डीजल की अवैध बिक्री पर सख्ती, प्रशासन अलर्ट निर्बाध आपूर्ति के लिए सतत निगरानी, हेल्पलाइन जारी

✍️ दुर्गेश गुप्ता

📍बलरामपुर, 30 अप्रैल 2026। जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति और बिक्री को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि पेट्रोल आपूर्ति में आई अस्थायी बाधा को दूर करने के लिए तेल कंपनियों से समन्वय स्थापित किया गया है। जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पंप संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे निर्धारित दर पर ही पेट्रोल-डीजल की बिक्री करें।

प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बोतलों में अवैध रूप से पेट्रोल बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे कहीं भी अवैध बिक्री या कालाबाजारी की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई हो सके। इसके लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष का हेल्पलाइन नंबर 92026-08795 जारी किया गया है, जहां

नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

प्रशासन ने कहा है कि जिले में ईंधन की पारदर्शी और सुचारू आपूर्ति बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है, जिसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button