जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने ध्वाजारोहण कर ली परेड की सलामी

दुर्गेश गुप्ता
बलरामपुर/ बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम व विभागीय झांकियां रही आकर्षण का केन्द्रबलरामपुर, 26 जनवरी 2026/ गणतंत्र दिवस जिले में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष गणतंत्र दिवस का 77वां वर्षगांठ, जिला मुख्यालय बलरामपुर के पुलिस लाईन ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित हुआ। मुख्य समारोह में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा मुख्यमंत्री के प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया।

मुख्य समारोह में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने समारोह स्थल पर ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के साथ ही राष्ट्रगान एवं वन्दे मातरम का गायन किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा और पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बेंकर के साथ परेड का निरीक्षण किया ।

इसके पश्चात मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया। मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े गये। तत्पश्चात परेड में शामिल पुलिस बल, नगर सेना की सशस्त्र टुकडियां द्वारा हर्षफायर कर राष्ट्रीय तिरंगे को सलामी दी गयी और राष्ट्रपति का जय घोष किया गया। कार्यक्रम की अगली कड़ी में परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री विमलेश कुमार देवांगन व परेड टू आईसी श्री हिम्मत सिंह शेखावत के नेतृत्व में 12वीं वाहनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल रामानुजगंज, 10वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ शस्त्र बल, जिला पुलिस बल पुरूष एवं महिला, नगर सेना बलरामपुर पुरुष एवं महिला, वन विभाग, एनसीसी बालक, एनएसएस बालिका, एनएसएस बालक, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर, स्वामी आत्मांनद विद्यालय बलरामपुर बालक तथा संत जोसेफ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक बलरामपुर के दलों ने देशभक्ति धुनों पर कदम से कदम मिलाते हुए आकर्षक मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया और मंच के सम्मुख पहुंच राष्ट्रीय ध्वज और मुख्य अतिथि को पूरे जोश और उत्साह से सलामी दी। परेड के बाद मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल व श्रीफल देकर सम्मानित किया।





















