आज वैशाख पूर्णिमा के दिन मनाया जा रहा बुद्ध पूर्णिमा का त्योहार, गौतम बुद्ध की जयंती
Buddha Purnima festival is being celebrated today on the day of Vaishakh Purnima, the birth anniversary of Gautam Buddha

बौद्ध धर्म के संस्थापक गौतम बुद्ध की जयंती को बुद्ध पूर्णिमा के तौर पर मनाया जाता है। गौतम बुद्ध के बचपन का नाम सिद्धार्थ गौतम था जिन्होंने वैशाख पूर्णिमा के दिन जन्म लिया था। माता माया देवी और पिता शुद्धोधन के यहां बालक सिद्धार्थ गौतम ने जन्म लिया जिन्होंने बड़े होकर ज्ञान की प्राप्ति की। उनके उपदेश दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचे।
बुद्ध के उपदेशों से बौद्ध धर्म का जन्म हुआ। उनके उपदेशों पर आधारित जीवन जीने वाले बौद्ध कहलाए। दक्षिण और पूर्वी एशिया में बौद्ध धर्म का बहुत प्रसार हुआ। चीन, वियतनाम, कंबोडिया, म्यांमार, थाईलैंड, जापान जैसे देशों में बड़ी संख्या में बौद्ध मतावलंबी हैं।
हिंदू धर्म में वैशाख पूर्णिमा का महत्व
हिंदू धर्म मानने वाले वैशाख पूर्णिमा के दिन नदियों में स्नान, व्रत, दान और पितरों के नाम तर्पण करते हैं। पूर्णिमा तिथि आज सोमवार को शाम 7 बजकर 22 मिनट तक रहेगी जिसका प्रारंभ रविवार शाम 6 बजकर 55 मिनट से हुआ था। वैशाखी पूर्णिमा के पूजा का मुहूर्त सोमवार दोपहर 11 बजकर 51 मिनट से लेकर 12 बजकर 45 मिनट तक बताया गया है।
वैशाख पूर्णिमा को रात में चंद्रमा को अर्घ्य देने की भी परंपरा है। इसके लिए चंद्रोदय के समय एक लोटे में जल, दूध और अक्षत डाल लें और आसमान में उदित चंद्रमा की तरफ अर्घ्य दें। इस बार वैशाख पूर्णिमा पर रवि योग बन रहा है। वहीं, पूरे दिन बुधादित्य योग और वरियन योग का भी प्रभाव रहेगा। वैशाख पूर्णिमा पर आज कुछ राज्यों में बैंक और स्कूल बंद हैं, लेकिन शेयर बाजार खुला है।
बुद्ध पूर्णिमा के शुभकामना संदेश
- बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएँ! भगवान बुद्ध का आलोक आपके जीवन में शांति और ज्ञान लाए।
- इस पावन दिन पर, बुद्ध की शिक्षाएँ आपके मन को प्रबुद्ध करें। बुद्ध पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएँ!
- बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर, आपके जीवन में करुणा और सत्य का प्रकाश फैले। शुभकामनाएँ!
- भगवान बुद्ध की कृपा से आपका जीवन शांति और समृद्धि से भरा हो। बुद्ध पूर्णिमा की बधाई!
- इस बुद्ध पूर्णिमा पर, अष्टांगिक मार्ग आपके जीवन को सही दिशा दे। शुभ कामनाएँ
- बुद्ध पूर्णिमा का पवित्र पर्व आपके हृदय को प्रेम और शांति से भर दे। शुभकामनाएँ!
- भगवान बुद्ध की शिक्षाएँ आपके जीवन में सुख और सद्भाव लाएँ। बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएँ!
- इस पावन अवसर पर, आपके जीवन से अज्ञान का अंधेरा मिटे और ज्ञान का प्रकाश फैले। शुभकामनाएँ!
- बुद्ध पूर्णिमा के पवित्र दिन पर, आपका मन शुद्ध और जीवन सार्थक हो। हार्दिक शुभकामनाएँ!
- बुद्ध की करुणा और ज्ञान आपके जीवन को प्रेरित करे। बुद्ध पूर्णिमा की अनंत शुभकामनाएँ!