कुसमी के दूरस्थ अंचलों में पहुंचे कलेक्टर-एसपी, विकास कार्यों का लिया जायजा

सघन दौरा कर परखी जमीनी हकीकत, गुणवत्ता और गति बढ़ाने दिए निर्देश

✍️ दुर्गेश गुप्ता

📍 बलरामपुर, 16 अप्रैल 2026

जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र कुसमी में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा एवं पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर ने विभिन्न ग्रामों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का निरीक्षण करते हुए हितग्राहियों से संवाद कर जमीनी हकीकत की जानकारी ली।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पंचायत चटनियां, गौतमपुर, नवाडीहकला, चुनचुना, कुदाग, पुंदाग एवं पीपरढाब का भ्रमण कर प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत स्वीकृत आवास, आंगनबाड़ी केंद्र, निर्माणाधीन सड़क एवं बहुउद्देशीय केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

ग्राम चटनियां के गौतमपुर में कलेक्टर ने हितग्राही मिथुन हरड्डे के निर्माणाधीन प्रधानमंत्री जनमन आवास का निरीक्षण किया। हितग्राही ने बताया कि वर्ष 2024-25 में आवास स्वीकृत हुआ था, जो अब पूर्णता की ओर है। कलेक्टर ने सरपंच से चर्चा कर सभी हितग्राहियों को समय पर राशि भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन, मनरेगा एवं ग्रामीण सड़कों की स्थिति की भी जानकारी ली।

दौरे के दौरान कलेक्टर ने ज्योति महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उन्हें आय संवर्धन एवं बचत बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समूह आधारित गतिविधियों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं।

नवाडीहकला में तालाब गहरीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

चुनचुना एवं पुंदाग में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय केंद्रों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने रुके हुए कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने चुनचुना-पुंदाग-पीपरढाब मार्ग के निर्माणाधीन 7 किलोमीटर सड़क का भी निरीक्षण किया। इसके पूर्ण होने से लगभग 125 कोरवा परिवारों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त सबाग से अकई कोना (2.8 किमी) एवं सामरी से सबाग (22 किमी) सड़क का भी जायजा लिया गया।

दौरे के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button