विकासखण्ड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का भव्य समापन,,खेलों के माध्यम से निखर रही ग्रामीण प्रतिभाएँ

✍️ दुर्गेश गुप्ता
बलरामपुर, 04 फरवरी 2026/ शासन के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के नेतृत्व में जिले के सभी विकासखण्डों में आयोजित विकासखण्ड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शानदार खेल प्रदर्शन किया।

सरगुजा ओलंपिक के अंतर्गत कुल 12 विभिन्न खेल विधाओं में प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें जूनियर एवं सीनियर वर्ग के 67 हजार 380 पंजीकृत प्रतिभागियों—युवा, किशोर एवं बच्चों—ने खेल भावना एवं अनुशासन के साथ सहभागिता निभाई।
समापन समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों की उपस्थिति में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के युवा खेल के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य रखते हैं और आने वाले समय में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को आगामी जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।

उल्लेखनीय है कि सरगुजा ओलंपिक जैसी प्रतियोगिताएँ ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का कार्य कर रही हैं।


















