कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने धान उपार्जन केंद्रों का किया औचक निरीक्षण,पारदर्शिता के साथ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दिए निर्देश

✍️ दुर्गेश गुप्ता

बलरामपुर, 28 जनवरी 2026।

जिले में राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य पारदर्शिता एवं सुचारू रूप से जारी है। किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा द्वारा लगातार धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में कलेक्टर श्री कटारा ने विकासखंड बलरामपुर के धान उपार्जन केंद्र तातापानी तथा विकासखंड रामचन्द्रपुर के उपार्जन केंद्र रामानुजगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टोकन वितरण, पंजीकृत किसानों की संख्या, अब तक की गई धान खरीदी की मात्रा एवं शेष किसानों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पात्र किसानों से धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि शेष दिनों में मिशन मोड में कार्य करते हुए सभी पात्र किसानों से समयबद्ध रूप से धान खरीदी सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटारा ने उपार्जन केंद्रों पर उपस्थित किसानों से सीधे संवाद किया और उन्हें आश्वस्त किया कि सभी पात्र किसानों से धान खरीदी की जाएगी। उन्होंने किसानों से किसी भी प्रकार के भ्रम में न आने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी उपज विक्रय करने की अपील की।

कलेक्टर ने समिति प्रभारियों को पूर्ण पारदर्शिता के साथ धान खरीदी करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अवैध धान की आवक पर कड़ी निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button