अवैध प्लाटिंग पर कड़ा प्रहार: जिला स्तरीय समिति गठित, कलेक्टर खुद करेंगे मॉनिटरिंग

✍️ दुर्गेश गुप्ता

📍बलरामपुर, 23 मार्च 2026।

जिले में तेजी से बढ़ रही अवैध प्लाटिंग पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, नया रायपुर के निर्देश पर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने जिला स्तर पर एक मजबूत समिति का गठन किया है, जो अवैध प्लाटिंग के मामलों पर सीधी निगरानी और कार्रवाई करेगी।

इस समिति की कमान स्वयं कलेक्टर के हाथ में होगी, जबकि पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, सहायक संचालक नगर एवं ग्राम निवेश, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), नगर पालिका/नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं सभी जनपद पंचायत सीईओ को सदस्य बनाया गया है।

प्रशासन का मानना है कि अवैध प्लाटिंग न सिर्फ राजस्व हानि का कारण बनती है, बल्कि आम लोगों को भी धोखाधड़ी का शिकार बनाती है। ऐसे मामलों में बिना अनुमति के जमीन का टुकड़ों में बंटवारा कर बेचा जाता है, जिससे भविष्य में कानूनी विवाद खड़े हो जाते हैं।

कलेक्टर श्री कटारा ने समिति के सभी सदस्यों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे आपसी समन्वय के साथ काम करें और जहां भी अवैध प्लाटिंग के मामले सामने आएं, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।

क्या होगा असर?

इस पहल के बाद जिले में अवैध कॉलोनियों पर नकेल कसने की उम्मीद है। साथ ही आम नागरिकों को भी सतर्क रहने की जरूरत है कि वे जमीन खरीदने से पहले उसकी वैधता की पूरी जांच करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button