सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा की उपस्थिति में शुरू हुआ बहुप्रतीक्षित निर्माण कार्य,,श्रद्धा, विकास और संपर्क का संगम: बादा–चंपा सड़क का भूमिपूजन,,

✍️ दुर्गेश गुप्ता

📍कुसमी/बलरामपुर

मां खुंडियारानी मंदिर को जशपुर से जोड़ने वाली 4 किमी सड़क पर 10 करोड़ से अधिक की लागत

क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने वाली बादा–चंपा सड़क निर्माण परियोजना का भूमिपूजन सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। वर्षों से प्रतीक्षित यह सड़क परियोजना न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि आस्था के प्रमुख केंद्र मां खुंडियारानी मंदिर को सीधे जशपुर जिले से जोड़ते हुए धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगी।

लगभग 4 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 10 करोड़ 12 लाख 54 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा, जबकि शासन द्वारा इसके लिए 10 करोड़ 96 लाख 9 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लिए जीवनरेखा सिद्ध होगा।

इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य की जिम्मेदारी कैप कोन प्रोजेक्ट प्रा. लिमिटेड को सौंपी गई है। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी, वहीं व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं एवं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

भूमिपूजन अवसर पर विधायक श्रीमती पैकरा ने कहा कि “सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। यह मार्ग बदा–चंपा सहित आसपास के गांवों को नई पहचान देगा और श्रद्धालुओं के लिए मां खुंडियारानी मंदिर तक पहुंच को सरल बनाएगा।” उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिससे आयोजन एक जनसमर्थन वाला विकास पर्व बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button