घेराबंदी कर पकड़े गए नशे के सौदागर, पुलिस की बड़ी सफलता,शंकरगढ़ में नशा तस्करी पर पुलिस का वार

✍️ दुर्गेश गुप्ता
📍शंकरगढ़/बलरामपुर-रामानुजगंज, 14 फरवरी।
थाना शंकरगढ़ पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा सप्लाई करने जा रहे तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। आम बगीचे के पास पगडंडी रास्ते से बिक्री के लिए ले जाया जा रहा 4 किलो से अधिक गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके साथ मौजूद एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ लिया गया।
पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति नीले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल से गम्हारडीह की ओर से भागवतपुर मोड़ की तरफ गांजा लेकर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर जाल बिछा दिया। कुछ ही देर में बताए गए हुलिए के अनुसार बाइक सवार दो युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी की पहचान छवि उर्फ मोनु साहू (27 वर्ष) निवासी जमनीपाली, थाना दर्री, जिला कोरबा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल में रखे काले बैग से खाकी टेप में पैक चार पैकेट बरामद हुए। तौल कराने पर इनमें कुल 4 किलो 204 ग्राम गांजा (प्लास्टिक सहित) निकला, जिसकी बाजार कीमत लगभग ₹2.10 लाख बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया गया है, जबकि नाबालिग के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पगडंडी रास्तों का इस्तेमाल कर लंबे समय से क्षेत्र में नशे की सप्लाई की जा रही थी। पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस ने संकेत दिए हैं कि मामले में अन्य तस्करों की तलाश भी जारी है और जल्द ही और खुलासे हो सकते हैं।


















