बलरामपुर में कलेक्टर–एसपी की सख्त चेतावनी,,लॉ एंड ऑर्डर पर संयुक्त बैठक, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी

✍️ दुर्गेश गुप्ता


बलरामपुर, 23 फरवरी 2026।

जिले में शांति और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कलेक्टर राजेन्द्र कटारा और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में राजस्व एवं पुलिस विभाग की अहम बैठक ली। बैठक में आगामी त्यौहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, सीमावर्ती चेकपोस्टों की सख्त निगरानी, अवैध गतिविधियों की रोकथाम और विभागीय समन्वय पर विस्तृत समीक्षा की गई।


कलेक्टर श्री कटारा ने स्पष्ट कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अनुविभागीय अधिकारी समय रहते तैयारियां पूर्ण करें, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें और लोक शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखें।


उन्होंने सीमावर्ती चेकपोस्टों पर वाहनों की नियमित जांच, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी कार्रवाई और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सतत अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि विभागों के बीच सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान और समन्वय ही कानून व्यवस्था को मजबूत बनाएगा।


पुलिस अधीक्षक श्री बैंकर ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर सतत नजर रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को सजगता और समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत दी।


बैठक में वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, अभिषेक गुप्ता सहित राजस्व और पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।


प्रशासन ने दो टूक संदेश दिया है—जिले में शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button