कुसमी की अनिता बनीं लखपति दीदी, बिहान योजना से बदली ज़िंदगी

✍️ दुर्गेश गुप्ता

बलरामपुर | 03 फरवरी 2026


शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित बिहान योजना से जुड़कर बलरामपुर जिले की महिलाएं आज आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं और अपने परिवार की आय में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।


इसी कड़ी में विकासखंड कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत रामनगर की निवासी श्रीमती अनिता ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से वे आज 1 लाख रुपये से अधिक की वार्षिक आय अर्जित कर लखपति दीदी के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं।


स्व-सहायता समूह से जुड़ने से पूर्व श्रीमती अनिता कृषि एवं मजदूरी पर निर्भर थीं। सीमित आय के कारण परिवार की वार्षिक आमदनी लगभग 40 हजार रुपये थी, जिससे दैनिक जरूरतों को पूरा करना कठिन होता था। बिहान योजना से जुड़ने के बाद उन्हें समूह के माध्यम से बैंक से 01 लाख रुपये तथा सामुदायिक निवेश निधि के तहत 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ।


इस वित्तीय सहयोग से उन्होंने कृषि कार्य के साथ-साथ किराना दुकान संचालन जैसी आजीविका गतिविधियां प्रारंभ कीं। एनआरएलएम टीम के मार्गदर्शन और सतत मेहनत से आज उनकी कुल आय लगभग 1 लाख 70 हजार रुपये तक पहुंच गई है।


आय में वृद्धि से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। श्रीमती अनिता ने अपनी सफलता का श्रेय स्व-सहायता समूह, बिहान योजना एवं शासन-प्रशासन को देते हुए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button