राजस्व पखवाड़ा आम जनता की समस्याओं के समाधान का अहम अवसर, त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें: सीईओ

स्वास्थ्य, पेयजल व जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
✍️ दुर्गेश गुप्ता
📍बलरामपुर, 06 अप्रैल 2026।
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई, जिसमें राजस्व प्रकरणों सहित स्वास्थ्य, पेयजल और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में सीईओ ने राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके। साथ ही राजस्व पखवाड़ा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, ग्राम स्तर तक मुनादी के माध्यम से जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, अभिलेख त्रुटि सुधार, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पखवाड़ा आम जनता की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण अवसर है।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान संस्थागत प्रसव, एएनसी पंजीयन और आरसीएच पोर्टल की अद्यतन स्थिति पर चर्चा की गई। सीईओ ने गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन, हाई-रिस्क मामलों की पहचान और विशेष निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल यूनिट के नियमित संचालन पर भी जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री जनमन योजना, आयुष्मान भारत योजना एवं वय वंदन योजना के तहत कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष हितग्राहियों के शीघ्र कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए।
खाद-बीज की उपलब्धता, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पंजीयन, हैंडपंपों के रखरखाव और खराब हैंडपंपों की मरम्मत पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि पेयजल व्यवस्था सुचारु बनी रहे। पेंशन योजनाओं में समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

इसके अलावा एनआरसी संचालन, आंगनबाड़ी गतिविधियों और पोषण ट्रैकर की समीक्षा करते हुए कुपोषित बच्चों की पहचान कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनदर्शन, पीजी पोर्टल और टीएल में लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल, श्री अभिषेक गुप्ता, श्री चेतन बोरघरिया, श्री आर.एन. पाण्डेय सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


















