सामरी विधायक ने किया तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का भव्य शुभारंभ

✍️ दुर्गेश गुप्ता
बलरामपुर, 10 फरवरी 2026/
जिले में खेल संस्कृति को मजबूती देने तथा ग्रामीण अंचलों की छिपी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैंकरा ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

शुभारंभ अवसर पर विधायक श्रीमती पैंकरा ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का एक सशक्त मंच बन चुका है। विकासखंड स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सीनियर एवं जूनियर वर्ग के खिलाड़ी अब जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 12 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन को स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भागीदारी व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। खेल अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का विकास करते हैं, जो जीवन में सफलता की मजबूत नींव बनते हैं। विधायक ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा ने कहा कि जब जिले के बच्चे आगे बढ़ते हैं, तब पूरे जिले का नाम रोशन होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं।
पूर्व जनपद उपाध्यक्ष श्री भानूप्रकाश दीक्षित ने कहा कि जिले के छह विकासखंडों से चयनित खिलाड़ियों का जिला स्तर तक पहुँचना गर्व की बात है। खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सामूहिक खेलों से टीम भावना और सहयोग की भावना विकसित होती है। उन्होंने “खेलेगा बलरामपुर, बढ़ेगा बलरामपुर” के संदेश के साथ खिलाड़ियों को प्रेरित किया।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष शंकरगढ़ श्रीमती चिंतामणि भगत, सहायक संचालक श्री रामपत यादव, खेल अधिकारी श्री मार्कुश कुजूर, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में चयनित खिलाड़ी उपस्थित रहे।


















