बेटे ने की पिता की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

फसल खराब होने पर गुस्से में की बेरहमी से पिटाई, पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
✍️ दुर्गेश गुप्ता
📍कुसमी
कुसमी। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रतासिल्ली में एक युवक द्वारा अपने ही पिता की मारपीट कर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5:30 बजे ग्राम रतासिल्ली निवासी लल्लू खलखो को उसके पुत्र प्रदीप खलखो ने आपसी विवाद के दौरान धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया और उसे हाथ, पैर एवं सीने में चोटें आईं। कुछ समय बाद उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना 7 अप्रैल को थाना कुसमी में प्राप्त होने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मृत्यु संदिग्ध प्रतीत होने पर 8 अप्रैल को एफएसएल टीम की उपस्थिति में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हत्यात्मक (होमिसाइडल) पाया गया।
जांच के दौरान संदेही प्रदीप खलखो को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने अपने खेत में टमाटर की फसल लगाई थी, जिसकी देखरेख की जिम्मेदारी उसने अपने पिता को दी थी, लेकिन पिता द्वारा लापरवाही करने एवं शराब के सेवन के कारण फसल को पशुओं ने नुकसान पहुंचाया। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने गुस्से में आकर पिता के साथ मारपीट कर दी।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


















