बलरामपुर जिले के मैलपारा में विवाद, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग

✍️ दुर्गेश गुप्ता

📍कुसमी – बलरामपुर-रामानुजगंज

जिले के सामरी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत टाटीझरिया के सहायक ग्राम मैलपारा में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण और सैकड़ों पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने 1 अप्रैल को कलेक्टर बलरामपुर के नाम कुसमी एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, मैलपारा स्थित खसरा क्रमांक 662 की भूमि शासकीय है, जिसमें “भुईया” ऐप पर करीब 40 लोगों के नाम दर्ज बताए जा रहे हैं। राजस्व निरीक्षक फूलचंद एक्का द्वारा ग्रामीणों को बताया गया कि दर्ज नामों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों को पट्टा जारी किया गया है, लेकिन जमीन का अब तक विधिवत सीमांकन और नक्शा तैयार नहीं किया गया है।

इसी का फायदा उठाते हुए गांव के एक व्यक्ति प्रभु नगेसिया पर मरघट स्थल और उससे लगी शासकीय भूमि पर कब्जे की नीयत से सैकड़ों पेड़ों की कटाई कराने का आरोप लगाया गया है। मामले की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पटवारी अनिल तिग्गा के साथ पंचनामा तैयार किया, लेकिन जमीन को राजस्व विभाग का मामला बताकर लौट गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचनामा के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वहीं 25 मार्च को राजस्व निरीक्षक के पुनः मौके पर पहुंचने पर विवाद की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दबाव बनाकर हस्ताक्षर कराने की कोशिश की गई, जिसका विरोध किया गया। बाद में नया पंचनामा तैयार किया गया, जिसमें संबंधित व्यक्ति द्वारा पट्टा प्रस्तुत करने के बाद ही सीमांकन की बात कही गई।

ग्रामीणों ने राजस्व निरीक्षक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मिलीभगत का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों की मांग:

ग्रामीणों ने कलेक्टर से विशेष जांच टीम गठित करने, वन एवं राजस्व विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने और शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है। साथ ही अवैध पेड़ कटाई के मामले में भी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।

प्रशासन का पक्ष:

इस संबंध में कुसमी एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो ने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button