DMF बेस लाइन सर्वे से तय होगी विकास की दिशा: कुसमी में 51 ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों को मिला प्रशिक्षण

✍️ दुर्गेश गुप्ता

📍कुसमी/बलरामपुर – जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) के अंतर्गत खनिज प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए जनपद पंचायत कुसमी में बेस लाइन सर्वे को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में क्षेत्र की 51 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, शिक्षक, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त किए।


कार्यशाला के दौरान अधिकारियों और विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को बेस लाइन सर्वे की प्रक्रिया, उद्देश्य और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि इस सर्वे के माध्यम से ग्राम पंचायतों की वास्तविक स्थिति, आवश्यकताओं और विकास की प्राथमिकताओं का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर आगामी 5 वर्षों के लिए ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे खनिज प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।


प्रशिक्षण में बताया गया कि सर्वे के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, आवास, पोषण, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्रित की जाएगी। इन आंकड़ों के आधार पर जिला खनिज संस्थान न्यास की राशि का उपयोग उन क्षेत्रों में प्राथमिकता के साथ किया जाएगा, जहां विकास की अधिक आवश्यकता है।


अधिकारियों ने कहा कि बेस लाइन सर्वे के माध्यम से ग्राम पंचायतों की वास्तविक जरूरतों को चिन्हित कर योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने सभी सरपंचों, सचिवों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर सर्वे कार्य को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ पूरा करने की अपील की।


कार्यशाला में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने भी इस पहल को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सही आंकड़ों और योजनाबद्ध कार्ययोजना से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा।


कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उन्हें अपने-अपने ग्राम पंचायतों में जाकर सर्वे कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button