जामटोली खतरनाक मोड़ पर फिर हादसा, बोलेरो खाई में गिरी, चालक की मौत

✍️ दुर्गेश गुप्ता
📍कुसमी/बलरामपुर,
कुसमी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत गजाधरपुर के जामटोलीघाट में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक बोलेरो वाहन (क्रमांक CG 04 HA 4528) अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी, जिससे वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो में कुल तीन लोग सवार थे। मृतक की पहचान प्रीतम नगेसिया (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वाहन चला रहा था। वहीं पुरान नगेसिया (32 वर्ष) हादसे में घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वाहन का मालिक प्रमोद गुप्ता, निवासी कटाईपत्रा भी गाड़ी में सवार था और सुरक्षित बताया जा रहा है।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि हादसे की मुख्य वजह जामटोलीघाट का खतरनाक मोड़ है, जहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले एक महीने में यह दूसरी बड़ी घटना है। करीब एक माह पूर्व इसी स्थान पर एक बॉक्साइट ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से इस स्थान पर डिवाइडर निर्माण, चेतावनी संकेतक बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।



















